कॉमनवेल्थ गेम्स ऑर्गनाइजिंग कमिटी के विवादों में घिरे चेयरमैन और कांग्रेस के सीनियर नेता
सुरेश कलमाडी ने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर जवाबी हमला बोला है। कलमाडी ने साफ कहा है कि ऑर्गनाइजिंग कमिटी बलि का बकरा नहीं बनेगी और हमारी अब तक की खामोशी को कमजोरी नहीं माना जाना चाहिए।
शीला ने शनिवार को कहा था कि करप्शन का शक लोन पर दिए गए पैसे को लेकर है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने ऑर्गनाइजिंग कमिटी को 1600 करोड़ रुपए लोन दिए हैं।
कलमाडी ने कहा कि करप्शन पर शीला दीक्षित का बयान निराशाजनक और गैरजरूरी है। मुख्यमंत्री को दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय अपने विभागों में करप्शन पर सोचना चाहिए। वह कह रही हैं कि कमिटी का काम करने का तरीका रहस्यमय है, जबकि कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन के प्रेजिडेंट माइकल फेनेल ने गेम्स को सफल करार दिया है।
उन्होंने कहा कि हम पहले ही जांच कमिटी बनाए जाने के प्रधानमंत्री के फैसले का स्वागत कर चुके हैं। मुझे उम्मीद है कि शुंगलू कमिटी सिर्फ कमिटी के 1,620 करोड़ रुपये के बजट को ही नहीं, बल्कि दिल्ली सरकार के पास खर्च करने के लिए जो 16,000 करोड़ रुपए का बजट था, उसके खर्च की भी जांच करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें